
मुंबई। मुंबई के कांदिवली इलाके में रहने वाले 26 वर्षीय एक डिलीवरी बॉय को अमरनाथ यात्रा के दौरान बम विस्फोट की झूठी धमकी देने के आरोप में समता नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शुभम सरजू यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से धमकी भरा संदेश भेजने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को जम्मू-कश्मीर पुलिस कंट्रोल रूम को व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश मिला, जिसमें अमरनाथ यात्रा के दौरान बम लगाए जाने का दावा किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कश्मीर पुलिस ने तुरंत महाराष्ट्र पुलिस और मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया, जिसके बाद जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धमकी भरा संदेश मुंबई के कांदिवली स्थित हनुमान नगर क्षेत्र से भेजा गया था। इसके बाद जांच समता नगर पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर और लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे उसके घर से हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में पुष्टि हुई कि धमकी वाला संदेश उसी मोबाइल से भेजा गया था। पूछताछ के दौरान शुभम यादव ने कथित तौर पर बताया कि वह सोशल मीडिया पर रील्स देख रहा था। अमरनाथ यात्रा से संबंधित एक वीडियो में कश्मीर पुलिस कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर दिखाई देने पर उसने कथित रूप से “मजाक” में धमकी वाला संदेश भेज दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस झूठी सूचना के कारण सुरक्षा एजेंसियों को व्यापक स्तर पर सतर्कता बरतनी पड़ी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी पड़ी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की झूठी सूचना या अफवाह फैलाने से बचें, क्योंकि ऐसा करना गंभीर दंडनीय अपराध है।

