
नागपुर। एक 28 वर्षीय एमबीबीएस की छात्रा ने नागपुर के इमामवाड़ा पुलिस थाने में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात आरोपी से नवंबर 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। उस वक्त आरोपी युपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे फोन कॉल्स में बदली और फिर दोनों के बीच एक रोमांटिक संबंध स्थापित हो गया।महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी ने उससे विवाह का वादा किया, जिस पर विश्वास कर उन्होंने शारीरिक संबंध बनाए। हालांकि, जब आरोपी ने IPS के लिए चयनित होने के बाद प्रशिक्षण शुरू किया, तो उसने कथित रूप से पीड़िता से दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसे भी अनदेखा कर दिया गया, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान हो गई। शुक्रवार को महिला ने इमामवाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर शनिवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं, जिसमें बलात्कार भी शामिल है, के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




