
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मंत्रालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित और ‘रबर गर्ल ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध दिव्यांग योग साधिका अन्वी विजय झांझरूकिया का मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल के हाथों सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने अद्भुत योग प्रदर्शन से उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव विकासचंद्र रस्तोगी, सामान्य प्रशासन विभाग की अपर मुख्य सचिव वी. राधा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीकर परदेशी सहित मंत्रालय के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अन्वी झांझरूकिया ने योग साधना के माध्यम से यह साबित किया है कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता की सीमा नहीं होती। दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने देशभर में आयोजित 50 से अधिक योग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर 50 से अधिक पदक जीते हैं तथा 200 से अधिक योगासन करने की दक्षता हासिल की है। योग के माध्यम से वे लाखों लोगों तक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान हाल ही में चंडीगढ़ में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सेवा योगासन प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महाराष्ट्र के विजेताओं का भी सम्मान किया गया। 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग में शुभांगी चिकटे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 40 वर्ष से कम आयु वर्ग में श्रीकांत घोलकर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दत्तात्राम सावंत और जगन्नाथ लांडगे ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाराष्ट्र का गौरव बढ़ाया। सभी विजेताओं ने कार्यक्रम में योगासन का प्रदर्शन भी किया। उनका सम्मान अपर मुख्य सचिव विकासचंद्र रस्तोगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सचिवालय जिमखाना की योग शाखा की सचिव अपर्णा जाधव भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम में योगा इंस्टीट्यूट की ओर से समीर व्यास ने मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को योग का प्रशिक्षण दिया तथा विभिन्न योगासन का प्रात्यक्षिक प्रस्तुत किया। इस दौरान नियमित योगाभ्यास को अपनाकर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने का संदेश दिया गया।



