
पालघर। वसई-विरार के वलीव पुलिस थाना क्षेत्र के नाइकपाड़ा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार (24 जुलाई) रात करीब 8 बजे एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने कैप्सूल फॉइल निर्माण कंपनी के संचालक एवं मेडिकल स्टोर व्यवसायी मोहन सिंह परमार (48) पर गोली चला दी। घायल व्यवसायी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मोहन सिंह परमार डायमंड इंडस्ट्रियल एस्टेट के सफायर इंडस्ट्रियल एस्टेट में कैप्सूल फॉइल निर्माण इकाई संचालित करते हैं। इसके अलावा वे गायत्री अस्पताल में एक मेडिकल स्टोर भी चलाते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश हमलावर कंपनी परिसर के बाहर पहुंचे। उन्होंने पहले परमार का नाम पूछकर उनकी पहचान सुनिश्चित की और फिर उनके माथे पर पिस्तौल तान दी। परमार द्वारा हथियार हटाने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वलीव पुलिस स्टेशन की टीम, क्राइम ब्रांच की यूनिट-1, यूनिट-2 और यूनिट-3 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस उपायुक्त (ज़ोन-2) अशोक विरकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की निगरानी की। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार हमलावरों की तलाश में विभिन्न टीमों को लगाया गया है। फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, कारोबारी विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

