
नर्सिंग विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। बिलासपुर में विश्वास सोशल वेलफेयर सोसाइटी एवं जतन कल्याण सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आजाक थाने में पदस्थ डीएसपी अनिता प्रभा मिंज उपस्थित रहीं। उनके साथ पुलिस रक्षा टीम की भावना अटलकर एवं शारदा भगत भी विशेष रूप से मौजूद थीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएसपी अनिता प्रभा मिंज ने विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। अनिता मिंज ने बालिका एवं महिला सुरक्षा के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसी क्रम में उन्होंने ‘अभिव्यक्ति ऐप’ की जानकारी देते हुए कहा कि यह ऐप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर विश्वास सोशल वेलफेयर सोसाइटी की सेक्रेटरी संध्या चंद्रसेन, सोनाक्षी, जतन कल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष जानवी ओमकार बघेल, प्रकाश सहित संस्था के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।




