
नियमित वार्ड निरीक्षण, साफ-सफाई और मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जा रहा विशेष ध्यान
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उमा शंकर दीक्षित महिला जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर मरीजों एवं उनके परिजनों द्वारा कार्यवाहक सीएमएस डॉ. अरविंद आनंद की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में उपचार व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कार्यवाहक सीएमएस डॉ. अरविंद आनंद नियमित रूप से अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान वह भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जानने के साथ उपचार और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी लेते हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके चलते अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अस्पताल आने वाली महिलाओं और उनके परिजनों का कहना है कि उन्हें समय पर उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श मिल रहा है। कई मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि कार्यवाहक सीएमएस स्वयं अस्पताल की व्यवस्थाओं की निगरानी करते हैं और समय-समय पर वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से सीधे संवाद करते हैं। इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार के साथ कर्मचारियों की जवाबदेही भी बढ़ी है। कार्यवाहक सीएमएस डॉ.अरविंद आनंद ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए अस्पताल प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों की सुविधा और संतुष्टि के लिए अस्पताल प्रशासन निरंतर प्रयासरत है तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल प्रशासन के प्रयासों और नियमित निगरानी से स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहे सुधार को लेकर मरीजों एवं उनके परिजनों ने संतोष व्यक्त किया है।



