Homeउत्तर प्रदेश'जल है तो कल है, वन है तो जीवन है' : सीडीओ...

‘जल है तो कल है, वन है तो जीवन है’ : सीडीओ ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत जिला गंगा समिति ने किया पौधरोपण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन

झांसी, उत्तर प्रदेश। विश्व पर्यावरण दिवस एवं वन महोत्सव-वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत विकास भवन परिसर में जिला गंगा समिति के तत्वावधान में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिला गंगा समिति के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण किया तथा लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने कहा कि “जल है तो कल है, वन है तो जीवन है।” उन्होंने कहा कि प्रकृति के सभी घटक एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और मानव जीवन के अस्तित्व के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रकृति की लगातार उपेक्षा का परिणाम आज पूरी मानवता को भुगतना पड़ रहा है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से दूर रहकर उसकी रक्षा के लिए सक्रिय योगदान देना चाहिए।उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना होगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) श्री नीरज कुमार आर्य ने अपनी माता के नाम एक पौधा लगाकर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और वृक्षारोपण को जनभागीदारी से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने वैदिक श्लोक “माता भूमिः पुत्रोऽहम् पृथिव्याः” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को सदैव माता का दर्जा दिया गया है और हमें इसी भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए।जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेशभर में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” आह्वान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 35 करोड़ वृक्षारोपण लक्ष्य को सफल बनाने के लिए जनपद झांसी के सभी आठ विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है।कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. बालगोविंद श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जनपद की 496 ग्राम पंचायतों में लगातार वृक्षारोपण के साथ-साथ प्लास्टिक रोको अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता और पृथ्वी के अस्तित्व के लिए भी अनिवार्य हैं। इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री संतोष कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री विमलेश कुमार, जिला पंचायत अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार पटेल, स्टेनो श्री राजेंद्र कुमार पटैरिया, श्री आयुष रविंद्र भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हरित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे न केवल पौधे लगाएंगे, बल्कि उनकी देखभाल भी करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में व्यापक जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ, हरित और समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments