HomeLifestyleTravelझांसी में भीषण सड़क हादसा: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे...

झांसी में भीषण सड़क हादसा: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो की मौत, तीन घायल

झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ कार में सवार सोनू पुत्र रजा की भी मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। प्रयागराज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार, जिसमें कुल पांच लोग सवार थे, अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया तथा कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अबान अहमद, माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा था। उसके बड़े भाई उमर अहमद लखनऊ जेल में एक रियल एस्टेट कारोबारी के अपहरण और हमले के मामले में बंद हैं, जबकि अली अहमद वर्तमान में झांसी जेल में निरुद्ध है। तीसरे बेटे असद अहमद की वर्ष 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। चौथे बेटे अहजाम अहमद को अक्टूबर 2023 में बालिग होने के बाद बाल सुधार गृह से रिहा किया गया था। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार में अबान अहमद, सोनू, जहद, उमर और अहजाम सवार थे। हादसे में अबान और सोनू की मौके पर मौत हो गई, जबकि जहद, उमर और अहजाम घायल हुए हैं। तीनों का उपचार झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments