
मुंबई। मुंबई पुलिस ने आरे कॉलोनी, रॉयल पाम्स एस्टेट के एक बंगले से 47.65 लाख रुपए मूल्य के कीमती सामान की चोरी के मामले को मात्र 12 घंटे में सुलझा लिया। इस मामले में पिता और बेटे- नियामतुल्ला अयूब खान उर्फ जूली (38) और शाहिद नियामतुल्ला खान (19)को गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता गंगाराजम बुटनूरी (59) ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात 11 बजे से 19 अक्टूबर की सुबह 8 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने बंगले की कांच की खिड़की तोड़कर सोने के गहने, पीतल के बर्तन और लगभग 36.15 लाख रुपए मूल्य का सामान चुरा लिया। आरे पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन टीम ने मौके पर जाकर 35 सीसीटीवी फुटेज क्लिप की जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध दिखे, जिसके बाद पुलिस ने खुफिया मुखबिरों की मदद से 12 घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार किया और चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान में सोने के गहने, मोतियों के हार, चूड़ियां, पीतल की मूर्तियां, तांबे के बर्तन, स्टील की प्लेटें और एक पुरानी तिजोरी शामिल हैं। इस तेजी और कुशल कार्रवाई की आरे पुलिस को वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय समुदाय से सराहना मिली।




