
मुंबई। मुंबई में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांदिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 641 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ 25 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है। नकदी और अन्य सामान समेत जब्त माल का कुल मूल्य करीब 3 करोड़ 28 लाख 90 हजार 400 रुपये है।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 20 अगस्त 2026 को कांदिवली पश्चिम स्थित खजुरिया रोड पर बीएमसी गार्डन के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 641 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 90 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। इस मामले में कांदिवली पुलिस थाना में गु.र.क्र. 990/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(क), 21(क) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि संबंधित प्रकरण में एक अन्य मामला गु.र.क्र. 9933/2026 के तहत भी दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों पर हेरोइन की तस्करी और अवैध बिक्री का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी अंतरराज्यीय या संगठित तस्करी गिरोह का हाथ है या नहीं।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय तथा पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवळे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत जगदाळे, पुलिस निरीक्षक विश्वास पाटील, सहायक पुलिस निरीक्षक दादासाहेब बनसोडे, पुलिस उपनिरीक्षक अमित पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक बाळासाहेब शिंदे सहित पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।मुंबई पुलिस ने कहा कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस मामले में आगे की जांच के दौरान और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

