
मुंबई। क्रांतिकारी अनंत कान्हेरे के जीवन पर आधारित अंग्रेज़ी में अनूदित पुस्तक ‘अनंत कान्हेरे: द बुलेट दैट अवोक भारत’ का लोकार्पण महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के हाथों मुंबई स्थित लोकभवन में सम्पन्न हुआ। यह पुस्तक प्रो.डॉ.म.बा.कुलकर्णी द्वारा लिखित अनंत कान्हेरे पर आधारित मूल मराठी पुस्तक का अंग्रेज़ी अनुवाद है। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में सत्याग्रह आंदोलन के साथ-साथ क्रांतिकारी राष्ट्रवाद की भी एक सशक्त धारा रही है। इन क्रांतिकारियों के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि ऐसे अल्पज्ञात क्रांतिकारियों के जीवन, कार्य और बलिदान का दस्तावेजीकरण स्वतंत्र लघु पुस्तकों की श्रृंखला के माध्यम से किया जाए, ताकि नई पीढ़ी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को उसकी समग्रता में समझ सके। राज्यपाल ने यह भी कहा कि क्रांतिकारियों पर आधारित पुस्तकों का मराठी, हिंदी और अंग्रेज़ी भाषाओं में अनुवाद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुवाद भाषाओं और क्षेत्रों के बीच सेतु का कार्य करता है। इससे इन राष्ट्रनायकों की प्रेरणादायी गाथाएँ देशभर के लोगों तक पहुँचेंगी और समाज को प्रेरणा देंगी। लोकार्पण समारोह में भारतीय विचार साधना संस्था के अध्यक्ष डॉ. गिरीश आफळे, जयेश क्षेमकल्याणी, पुस्तक के अनुवादक चिन्मय खेडेकर, रवींद्र संघवी तथा अन्य आमंत्रित अतिथि उपस्थित थे।

