Homeउत्तर प्रदेशगाजीपुर को ₹692 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने 268 विकास परियोजनाओं...

गाजीपुर को ₹692 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने 268 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

गाजीपुर, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में ₹692 करोड़ की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘नया गाजीपुर’ विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित करते हुए ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गुरुवार को कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति-पत्र, प्रमाण-पत्र तथा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर के गहमर गांव के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि गहमर ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया और स्वतंत्र भारत में भी देश की सीमाओं की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि गहमर गांव में 12 हजार से अधिक सैनिक एवं सेना अधिकारी तथा 15 हजार से अधिक सेवानिवृत्त सैनिक एवं सेना अधिकारी रहते हैं। देश की सुरक्षा में गहमर और गाजीपुर के योगदान को उन्होंने गौरव का विषय बताया।
महर्षि विश्वामित्र के नाम पर मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गाजीपुर में महर्षि विश्वामित्र के नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ जिले की सड़क कनेक्टिविटी में भी व्यापक सुधार हुआ है और गाजीपुर चारों दिशाओं से बेहतर फोर लेन कनेक्टिविटी से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर से काशी, लखनऊ और गोरखपुर की यात्रा अब पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गई है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और वाराणसी-गोरखपुर हाईवे इस बेहतर कनेक्टिविटी के मजबूत आधार बने हैं। अब गाजीपुर से लखनऊ की दूरी करीब साढ़े तीन घंटे में तय की जा सकती है।
शक्तिनगर तक बढ़ेगा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को अब चंदौली और वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित किया जाएगा। इससे गाजीपुर सहित पूर्वांचल के कई क्षेत्रों को और बेहतर एवं आधुनिक सड़क कनेक्टिविटी मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
आध्यात्मिक पर्यटन को भी मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने गाजीपुर के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि गाजीपुर को ‘लहुरी काशी’ के नाम से भी जाना जाता है। यहां पवहारी बाबा का आश्रम है और यह जनपद भगवान परशुराम तथा महर्षि जमदग्नि से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में आध्यात्मिक पर्यटन से जुड़े स्थलों का पुनरुद्धार किया जा रहा है, जिससे जिले की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
युवाओं को मिला सशक्त प्लेटफॉर्म
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को प्रदेश और देश की शक्ति बताते हुए कहा कि युवा असीम ऊर्जा और प्रतिभा के केंद्र हैं। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त प्लेटफॉर्म प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं, आधुनिक कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सुविधाओं, आध्यात्मिक पर्यटन और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गाजीपुर तेजी से आगे बढ़ रहा है और ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments