
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) उपक्रम को यात्रियों को बेहतर सेवा देने के साथ-साथ अपने आय स्रोत भी विकसित करने चाहिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढा, सांस्कृतिक कार्य मंत्री ॲड.आशीष शेलार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाए और जीपीएस आधारित प्रणाली लागू की जाए जिससे यात्री रियल-टाइम में बस की लोकेशन जान सकें। इसके लिए गूगल के साथ करार किया जाएगा। बांद्रा, दिंडोशी और देवनार डिपो का पुनर्विकास कर भूखंडों को व्यावसायिक उपयोग के लिए किराए पर देने की नीति बनाई जाएगी ताकि बेस्ट की आय बढ़ सके। मुंबई की संकरी सड़कों को देखते हुए छोटे, अत्याधुनिक बसों की खरीद की जाएगी और इसके लिए “नेशनल क्लीन एयर पॉलिसी” के फंड का उपयोग होगा। फडणवीस ने कहा कि लोकल ट्रेन, मेट्रो, मोनोरेल और बेस्ट सेवा को एकीकृत करने के लिए एक “सिंगल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म” विकसित किया जा रहा है जिससे नागरिक एक ही टिकट से अलग-अलग सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि मराठी सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए पांच बस डिपो पर मराठी सिनेमा थिएटर बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि मनपा अपने वार्षिक बजट में परिवहन के लिए तीन प्रतिशत निधि आरक्षित करे ताकि बेस्ट को आर्थिक सहायता मिल सके। बेस्ट महाव्यवस्थापक श्रीनिवास ने टोल माफी, ₹1,658 करोड़ बकाया और करों में छूट की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने छोटे बसों की योजना तैयार करने और मेट्रो स्टेशन के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। बैठक में बेस्ट की नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा की भी शुरुआत की गई, जिसमें विक्रोली से मुंबई सेंट्रल तक चलने वाली बस को हरी झंडी दिखाई गई। कुल 2,100 एसी बसों की खरीदी की जा रही है, जिनमें से 503 बसें पहले ही शामिल हो चुकी हैं और 2,400 और बसों का ऑर्डर दिया गया है।




