
इंद्र यादव/मीरा-भयंदर। मीरा-भयंदर में रैपिडो और ऑटो चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए काशीगांव पुलिस ने एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह में शामिल नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड (जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी घोड़बंदर रोड क्षेत्र से मोबाइल ऐप के माध्यम से रैपिडो बाइक या ऑटो बुक करते थे। चालक के निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपी कथित रूप से धारदार हथियार (कोयता) दिखाकर उन्हें धमकाते थे और नकदी व अन्य सामान लूट लेते थे। जांच के दौरान सामने आए एक मामले में आरोपियों ने एक चालक से कथित रूप से 700 रुपये नकद लूट लिए। वहीं दूसरे मामले में एक अन्य ऑटो चालक के साथ मारपीट कर उसे हथियार से धमकाया गया तथा उससे 1,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और गूगल पे के माध्यम से 2,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद काशीगांव पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान गिरोह के एक वयस्क आरोपी सलमान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि गिरोह में शामिल नाबालिगों को विधिक प्रक्रिया के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस ने आम नागरिकों, विशेष रूप से ऐप आधारित टैक्सी और बाइक टैक्सी चालकों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।




