
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव पुलिस ने सवारियों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जेपी सिंह के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और दही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना रोहन समेत यश शुक्ला, यश तिवारी और यश गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के पास से इन आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह कानपुर से लखनऊ जाने वाली सवारियों को अपनी कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाता था और वहां चापड़ व तमंचा दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देता था।गिरोह द्वारा लूट की घटनाओं में इस्तेमाल की गई कार आर्यन रस्तोगी से किराये पर ली गई थी, जिसके लिए एक हजार रुपये तय किए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद कर लिया है।फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित साथियों की तलाश जारी है।




