
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जैतीपुर में लखनऊ बल्क टर्मिनल एवं एसआरएमएस हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में तथा आदित्य बिड़ला कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन अल्ट्रा टेक सीमेंट के सहयोग से ग्राम जैतीपुर के बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस के बगल में निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा निःशुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त किया। स्वास्थ्य शिविर में लखनऊ बल्क टर्मिनल से भावेश कुमार व हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति गंगवार तथा फिजिशियन डॉ. शिव पुंडीर ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी प्रदान की। शिविर में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता की जानकारी दी गई, जिससे ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। इस अवसर पर अनूप जी, शिवानी जी एवं मार्केटिंग मैनेजर हरे कृष्ण भारद्वाज सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य हित में इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।



