
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। इसी सोच को साकार करते हुए नवाबगंज विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत जैतीपुर स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में आदित्य बिड़ला कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन एवं अल्ट्राटेक सीमेंट लखनऊ बल्क टर्मिनल के संयुक्त तत्वावधान में प्रेरणादायी एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्कूल बैग, स्टील की थाली, चम्मच, गिलास, पानी की बोतल सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक एवं दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। सामग्री मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
विद्यालय में आरओ सिस्टम और वाटर कूलर स्थापित
विद्यालय में छात्राओं को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ सिस्टम और वाटर कूलर भी स्थापित किया गया। इससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को परिसर में ही स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम में अल्ट्राटेक सीमेंट की ओर से एचआर हेड सजीव श्रीवास्तव एवं भावेश सिंह ने छात्राओं को अपने हाथों से सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि हर बच्चा प्रतिभा का धनी होता है, उसे केवल सही अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे अमूल्य धन है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाती है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
शिक्षा के प्रति बढ़ेगा बच्चों का उत्साह
विद्यालय परिवार ने इस पहल को सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ता है, उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है और विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में मदद मिलती है। ग्रामीणों ने भी आदित्य बिड़ला कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन और अल्ट्राटेक सीमेंट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने आदित्य बिड़ला कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन एवं अल्ट्राटेक सीमेंट लखनऊ बल्क टर्मिनल के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं शिक्षा उन्मुख कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और उनका उत्साहवर्धन करने का सिलसिला जारी रहेगा।

