
मीरा भाईदार। भारत सरकार की जनगणना 2027 अभियान के अंतर्गत प्रथम चरण के घर सूचीकरण एवं गृह गणना कार्य की शुरुआत 16 मई 2026 से मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र में की गई है। यह कार्य 14 जून 2026 तक जारी रहेगा। इसी पृष्ठभूमि में प्रधान जनगणना अधिकारी तथा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने 26 मई 2026 को प्रभाग समिति क्रमांक 05 क्षेत्र की एक इमारत का दौरा कर चल रहे जनगणना कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने संबंधित पर्यवेक्षकों और प्रगणकों के साथ नागरिकों के घरों में जाकर जानकारी संकलन प्रक्रिया का अवलोकन किया। प्रगणक किस प्रकार नागरिकों से जानकारी एकत्र कर रहे हैं, डिजिटल माध्यम से डेटा एंट्री कैसे की जा रही है तथा सर्वेक्षण के दौरान आने वाली कठिनाइयों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। जनगणना प्रक्रिया को सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनगणना प्रक्रिया को देश के विकास नियोजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। नागरिकों से प्राप्त जानकारी के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति, सार्वजनिक सेवाओं और शहरी सुविधाओं की योजना बनाई जाती है। इसलिए महानगरपालिका की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रगणकों को सही, संपूर्ण और सत्य जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें।इस जनगणना कार्य के लिए मीरा भाईदार महानगर पालिका की ओर से कुल 2065 प्रगणकों और 345 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी अधिकृत पहचान पत्र के साथ नागरिकों के घर जाकर निर्धारित प्रारूप में जानकारी संकलित कर रहे हैं। जनगणना 2027 देश की आधुनिक और पूर्णतः डिजिटल पद्धति से संचालित होने वाली जनगणना प्रक्रिया है, जिससे प्राप्त जानकारी शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के लिए उपयोगी साबित होगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान नागरिकों से संवाद करते समय शिष्टाचार का पालन किया जाए, जानकारी की गोपनीयता बनाए रखी जाए तथा शासन की सभी मार्गदर्शक सूचनाओं का सख्ती से पालन किया जाए। महानगरपालिका की ओर से संपूर्ण जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी, पारदर्शी और सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा है तथा नागरिकों से इसमें पूर्ण सहयोग करने की अपील की गई है।




