
मुंबई। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं और इससे पहले मुंबई के विशेष पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात थे। देवेन भारती को मुंबई पुलिस में कानून और व्यवस्था के संयुक्त आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर दीर्घकालिक अनुभव रहा है। उन्हें मुंबई में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले संयुक्त आयुक्तों में से एक माना जाता है। वह महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) का भी नेतृत्व कर चुके हैं और 26/11 मुंबई आतंकी हमले की जांच में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। देवेन भारती अब 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी विवेक फणसालकर का स्थान लेंगे, जो 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
अन्य दावेदार भी थे दौड़ में
इस पद के लिए वर्तमान एनआईए प्रमुख सदानंद दाते और उनके बैचमेट संजय कुमार वर्मा भी प्रमुख दावेदारों में शामिल थे, लेकिन रिपोर्टों के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा दाते को एनआईए प्रमुख पद से मुक्त करने की संभावना कम थी। इसके अलावा 1993 बैच की आईपीएस अधिकारी अर्चना त्यागी का नाम भी संभावितों में शामिल था। यदि उन्हें यह पद मिलता, तो वे मुंबई की पहली महिला पुलिस आयुक्त बनतीं। देवेन भारती की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब मुंबई को मजबूत नेतृत्व, आतंरिक सुरक्षा और संगठित अपराध के खिलाफ सशक्त कार्यवाही की आवश्यकता है। उनके पास आतंकवाद, कानून-व्यवस्था और इंटेलिजेंस में लंबा अनुभव रहा है, जो उनकी भूमिका को और प्रभावशाली बनाएगा।




