
मुंबई। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश भारती ने निर्देश दिया है कि मुंबई सहित पूरे कोंकण मंडल में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए। इस संबंध में बुधवार को मालाबार हिल स्थित सह्याद्री अतिथि गृह में कोंकण मंडल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।बैठक में महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम, मुंबई की जिला निर्वाचन अधिकारी एवं महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े, भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अजय कुमार झा तथा उप सचिव अभिनव अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त नगर आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त नगर आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त नगर आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त नगर आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुंबई शहर की जिलाधिकारी अंचल गोयल, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार तथा महाराष्ट्र के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोहर पारकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।बैठक के बाद वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश भारती ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम और अन्य अधिकारियों के साथ भायखला विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में गति बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।


