
मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर महाजनवाड़ी (चेरिश होटल) से दहिसर चेक नाका तक खतरनाक सड़क परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों की शिकायतों के बाद सड़क सुरक्षा, जल निकासी और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। 20 जुलाई 2026 को आयोजित लोकशाही दिन में नागरिकों ने महाजनवाड़ी (चेरिश होटल) से दहिसर चेक नाका मार्ग पर टूटे हुए नालों के स्लैब, जर्जर सड़कें तथा सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित विषय एनएचएआई के अधिकार क्षेत्र में होने के कारण तत्काल पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मनपा ने एनएचएआई को निर्देशित किया है कि मार्ग पर अस्थायी रूप से रखे गए नालों के स्लैब हटाकर उनकी जगह स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था की जाए। टूटे और असुरक्षित स्लैब दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं तथा नागरिकों की जान को खतरा पैदा कर रहे हैं। इसके अलावा फाउंटेन होटल से दहिसर चेक नाका के बीच तीन फ्लाईओवरों के नीचे की सड़कों की तत्काल मरम्मत करने को कहा गया है। विशेष रूप से फाउंटेन होटल, वेस्टर्न होटल और काशीमीरा फ्लाईओवर के आसपास सड़कें अत्यंत खराब स्थिति में हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। मनपा ने साई पैलेस होटल से लक्ष्मीबाग की ओर मुंबई जाने वाले मार्ग पर नव-निर्मित फ्लाईओवर के पास जलभराव की समस्या दूर करने के लिए स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था और नाले के निर्माण के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही अन्य जलभराव वाले स्थानों पर भी बारिश के पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने को कहा गया है। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक बोर्ड, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने के साथ-साथ सड़क पर पड़े मलबे, मिट्टी और निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दहिसर चेक नाका से फाउंटेन होटल के बीच बने कंक्रीट मार्ग के दोनों ओर अधूरे पड़े साइड शोल्डर के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का भी आदेश दिया गया है।
महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और एनएचएआई से इन सभी कार्यों को शीघ्र पूरा कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही मनपा प्रशासन नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर त्वरित कार्रवाई के लिए लगातार प्रयासरत है।

