Home Fashion New Look ठाणे मनपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में देशभक्ति का रंग, बच्चों...

ठाणे मनपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में देशभक्ति का रंग, बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने जीता दिल

0

मुंबई | 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ठाणे महानगर पालिका (टीएमसी) की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बल्लाळ सभागृह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। 9 से 15 अगस्त 2026 तक चल रहे अभियान के अंतर्गत मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और पथनाट्य प्रस्तुत कर पूरे सभागृह को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल क्रमांक 112 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गीत ‘माँ से है माटी, माँ से है तिरंगा’ से हुई, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। इसके बाद स्कूल क्रमांक 29 के विद्यार्थियों ने ‘बढ़ते चलो’ गीत पर ओजस्वी प्रस्तुति देकर दर्शकों में जोश भर दिया। स्कूल क्रमांक 6 के विद्यार्थियों ने ‘तिरंगा’ गीत पर आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं स्कूल क्रमांक 126 के छात्रों ने ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर प्रभावशाली पथनाट्य प्रस्तुत कर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने का संदेश दिया।स्कूल क्रमांक 98 के विद्यार्थियों ने ‘ऐ वतन, वतन मेरे, आबाद रहे तू’ गीत की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भावुक बना दिया। स्कूल क्रमांक 53 ने देशभक्ति फ्यूजन गीत प्रस्तुत किया, जबकि स्कूल क्रमांक 73 और मीनाताई ठाकरे नर्सिंग इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से मनमोहक देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम में महापौर शर्मिला पिंपळोलकर, उपमहापौर कृष्णा पाटील, सभागृह नेता हणमंत जगदाळे, अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपायुक्त डॉ. मिताली संचेती, उपायुक्त दीपक झिंजाड, शिक्षणाधिकारी शेषराव बढे, गटअधिकारी संगीता बामणे, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।महापौर शर्मिला पिंपळोलकर ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में राष्ट्रप्रेम, तिरंगे के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ भी दीं।कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक सुरेश पाटील ने किया। इस अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील भी की गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here