
पश्चिम महाराष्ट्र को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
कोल्हापुर। पश्चिम महाराष्ट्र के महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक सरकारी अस्पताल छत्रपति प्रमिलाराजे सर्वोपचार अस्पताल (सीपीआर), कोल्हापुर में विभिन्न नवीनीकरण और आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार उपस्थित रहीं। रविवार को मुख्यमंत्री ने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया। अस्पताल की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ की पहल पर विभिन्न विकास कार्य किए गए हैं। इन कार्यों के लिए अब तक 600 करोड़ रुपये से अधिक की निधि उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री हसन मुश्रीफ ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। इस दौरान सीपीआर अस्पताल की ऐतिहासिक यात्रा तथा नवीनीकरण और आधुनिकीकरण कार्यों पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। साथ ही अस्पताल की तस्वीर अतिथियों को भेंट की गई। राजर्षि शाहू महाराज और तत्कालीन राज्य स्वास्थ्य मंत्री स्व. दिग्विजय खानविलकर की तस्वीरों का पूजन भी किया गया। नवीनीकरण के तहत अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार की कमान, मॉड्यूलर बर्न आईसीयू, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, मॉड्यूलर आईसीयू, एमआरआई विभाग, अत्याधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाएं तथा मरीजों के परिजनों के लिए शेड सहित विभिन्न चिकित्सा विभागों का आधुनिकीकरण किया गया है। इससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता और गुणवत्ता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा अस्पताल की विभिन्न इमारतों की मरम्मत, सड़क एवं परिसर विकास, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर, विभिन्न विभागों का निर्माण एवं आधुनिकीकरण, ट्रॉमा केयर सेंटर और अत्याधुनिक ऑपरेशन सुविधाओं सहित कई मॉड्यूलर कार्य भी किए गए हैं। इन सुविधाओं से कोल्हापुर के साथ-साथ पूरे पश्चिम महाराष्ट्र के नागरिकों को अधिक आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर, सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री एवं पालकमंत्री प्रकाश आबिटकर, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत दादा पाटील, सह-पालकमंत्री माधुरी मिसाल, राज्य नियोजन मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेश क्षीरसागर, जिला परिषद अध्यक्ष शिल्पा खोत, महापौर रूपारानी निकम, सांसद धनंजय महाडिक, सांसद शाहू महाराज छत्रपति, विधायक अमल महाडिक, चंद्रदीप नरके, राहुल आवाडे और अशोकराव माने, प्रधान सचिव धीरज कुमार, आयुक्त अनिल भंडारी, जिलाधिकारी डॉ. विजय राठौड़, जिला पुलिस अधीक्षक निलोत्पल तथा सीपीआर अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. सदानंद भिसे सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।

