HomeBusinessDevelopmentनवी मुंबई में बनेगा मेघालय भवन, फडणवीस-संगमा ने रखी आधारशिला

नवी मुंबई में बनेगा मेघालय भवन, फडणवीस-संगमा ने रखी आधारशिला

नवी मुंबई। महाराष्ट्र और मेघालय के बीच सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने नवी मुंबई में प्रस्तावित ‘मेघालय भवन’ की आधारशिला रखी। इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार की ओर से नवी मुंबई स्थित भूखंड का मेघालय सरकार को हस्तांतरण भी किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत का मेघालय केवल दो राज्य नहीं, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करने वाले सहोदर राज्य हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और मेघालय के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि नवी मुंबई, ठाणे और रायगढ़ का पूरा क्षेत्र देश की भविष्य की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है। आने वाले समय में यही क्षेत्र भारत के विकास के प्रमुख केंद्रों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के विद्यार्थी, कलाकार और संगीत क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए मुंबई और पुणे पसंदीदा स्थान हैं। विशेष रूप से मेघालय की संगीत परंपरा का मुंबई के संगीत जगत से गहरा संबंध है। ऐसे में खारघर जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर बनने वाला मेघालय भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि शिक्षा, चिकित्सा उपचार और कला प्रस्तुतियों के लिए महाराष्ट्र आने वाले मेघालय के नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए अपने घर जैसा स्थान होगा। मुख्यमंत्री ने नवी मुंबई क्षेत्र में हो रहे विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां विश्वस्तरीय 12 प्रमुख विश्वविद्यालयों वाली ‘एज्यु-सिटी’ और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ‘मेडी-सिटी’ विकसित की जा रही है। इसके अलावा देश की करीब 60 प्रतिशत डेटा सेंटर क्षमता इसी क्षेत्र में विकसित हो रही है। यह क्षेत्र न्यू-एज और डीप-टेक उद्योगों के केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मेघालय भवन का निर्माण जल्द से जल्द और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए सिडको अथवा राज्य सरकार की संबंधित एजेंसियों के माध्यम से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत पी. ए. संगमा के संसदीय योगदान को याद करते हुए कहा कि कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी उन्होंने सदैव मुस्कुराते हुए संसद का कुशल संचालन किया। उन्होंने कहा कि पी. ए. संगमा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए मेघालय के युवा और गतिशील मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने पिछले 6 से 7 वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को दोगुना किया है। फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि महाराष्ट्र और मेघालय का सहयोग केवल मेघालय भवन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में संस्कृति और अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में दोनों राज्य आपसी सहयोग के साथ तेजी से आगे बढ़ेंगे। इस अवसर पर मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टाइनसॉन्ग, मेघालय के मंत्री सोस्थनीज सोहटन, सांसद मिलिंद देवरा, विधायक तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments