
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया ‘इंडिया राइजिंग: रोड टू ईस्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026’ का शुभारंभ, महाराष्ट्र में 12 AVGC-XR पार्क और 50 हजार करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में ‘इंडिया राइजिंग: रोड टू ईस्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026’ अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया राइजिंग’ और ‘जियोब्लास्ट’ के माध्यम से भारतीय युवा गेमर्स के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने इसे भारत की डिजिटल क्रिएटिव अर्थव्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि 2026 में पेरिस में आयोजित होने वाले ईस्पोर्ट्स वर्ल्ड कप के लिए अब भारत के प्रतिभाशाली गेमर्स को वैश्विक मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और देश के युवा अब अपनी गेमिंग प्रतिभा का प्रदर्शन विश्व स्तर पर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुंबई ने फिल्म और मनोरंजन उद्योग के जरिए दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है और अब एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) जैसे उभरते क्षेत्रों में भी महाराष्ट्र देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल कौशल, उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान, फिल्म उद्योग, ओटीटी कंटेंट, पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचे ने राज्य को इस क्षेत्र में मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर गेमिंग उद्योग का वार्षिक कारोबार अब फिल्म और संगीत उद्योग के संयुक्त कारोबार से भी अधिक हो चुका है। भारत में 50 करोड़ से अधिक सक्रिय गेमर्स हैं और घरेलू गेमिंग उद्योग का आकार करीब 40 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि गेमिंग अब केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि रोजगार, नवाचार, उद्यमिता और डिजिटल अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र AVGC-XR नीति लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। इस नीति के तहत 3,268 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य का लक्ष्य 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना और 2 लाख रोजगार सृजित करना है। इसके तहत पूरे महाराष्ट्र में 12 AVGC पार्क विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर में अत्याधुनिक वर्चुअल प्रोडक्शन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित रेंडरिंग सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास 50 एकड़ क्षेत्र में विश्वस्तरीय कंटेंट क्रिएटर्स हब विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुंबई में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (IICT) की स्थापना की जा रही है, जो देश की क्रिएटिव और ऑरेंज इकोनॉमी को नई दिशा देने के साथ वैश्विक स्तर का कुशल मानव संसाधन तैयार करेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने विश्वास जताया कि ‘इंडिया राइजिंग’ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और प्रभावशाली ईस्पोर्ट्स अभियान साबित होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था में गेमिंग उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और महाराष्ट्र के युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मकता के दम पर राज्य वैश्विक गेमिंग और डिजिटल कंटेंट उद्योग का अग्रणी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा, “फिल्में हमें सपनों की दुनिया दिखाती हैं, लेकिन गेमिंग हमें उन सपनों को जीने और स्वयं उस दुनिया का नायक बनने का अवसर देती है।” इस अवसर पर जियोब्लास्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चार्ली काउड्रे, ईस्पोर्ट्स वर्ल्ड कप फाउंडेशन के सीनियर स्ट्रैटेजी मैनेजर जेम्स कनिंघम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



