Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeFashionNew Lookमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का किया निरीक्षण, आमजन...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का किया निरीक्षण, आमजन से किया सीधा संवाद

जयपुर, राजस्थान। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में राज्य सरकार संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेहिता के साथ आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया और हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर फीडबैक भी लिया। इस दौरान कोटपूतली-बहरोड़ के मोहम्मदपुर नंगलिया खोहरी निवासी पिंकी यादव ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने, डूंगरपुर के बोड़ीगामा छोटा गांव से जितेंद्र ने जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र नहीं बनने तथा प्रतापनगर, जयपुर की निवासी लाजवंती ने मूल निवास प्रमाण पत्र बनाने के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र के भोजासर निवासी किशनलाल ने मकान का पट्टा लंबित होने की जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र पट्टा जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीकरण प्रणाली एवं फॉलो-अप प्रक्रिया की भी समीक्षा की और संपर्क पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की सघन मॉनिटरिंग कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए कार्य कर रही है, जिससे राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के माध्यम से आमजन घर बैठे अपनी समस्याएं दर्ज कराकर शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments