
मुंबई। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक कार्य संचालनालय द्वारा कारगिल युद्ध में अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रसेवा का परिचय देने वाले महाराष्ट्र के वीर सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं तथा दिव्यांग सैनिकों के सम्मान में ‘वीर सैनिक एवं वीर सैनिकों की वीर पत्नियों का कृतज्ञता सम्मान समारोह’ आयोजित किया जाएगा। यह समारोह 27 जुलाई 2026, सोमवार को सुबह 11:30 बजे मुंबई के लोकभवन में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर योद्धाओं और उनके परिवारों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करना तथा देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करना है। समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सांस्कृतिक कार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विकास मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार तथा कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की प्रमुख उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर 1962 के भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि में महान गीतकार कवि प्रदीप द्वारा रचित और संगीतकार सी. रामचंद्र द्वारा संगीतबद्ध देशभक्ति रचना, जिसे डॉ. भरत बलवल्ली ने नए स्वर दिए हैं, प्रस्तुत की जाएगी। यह प्रस्तुति वीर नारियों और वीर माताओं को समर्पित होगी। कार्यक्रम में भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को समर्पित विशेष सांगीतिक प्रस्तुति भी होगी। नचिकेत देसाई, शिवम सिंह सहित अन्य ख्यातनाम कलाकार अपने गीतों के माध्यम से भारतीय सैनिकों की वीरगाथाओं को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

