HomeCrimeकल्याण में फ्लैट के बाथरूम से बोरे में बंद युवक का शव...

कल्याण में फ्लैट के बाथरूम से बोरे में बंद युवक का शव बरामद, हत्या के आरोप में महिला की तलाश

ठाणे। ठाणे जिले के कल्याण क्षेत्र में एक फ्लैट के बाथरूम से बोरे में बंद युवक का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, एक महिला पर अपने परिचित युवक की हत्या करने का संदेह है और उसकी तलाश के लिए विशेष टीम रवाना की गई है। पुलिस के मुताबिक, मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसाइटी के एक फ्लैट से पिछले दो-तीन दिनों से तेज दुर्गंध आने की शिकायत स्थानीय लोगों ने मानपाड़ा पुलिस को दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान बाथरूम में रखा एक बोरा मिला, जिसे खोलने पर उसमें एक युवक का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद हुआ। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर बाथरूम में रखा गया। जांच अधिकारी इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं कि क्या बाथरूम का नल जानबूझकर खुला छोड़ा गया था, ताकि घटनास्थल से संभावित साक्ष्य नष्ट हो सकें। इस संबंध में अभी पुलिस की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद संदिग्ध महिला फ्लैट छोड़कर चली गई। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि मकान मालिक को एक वॉइस मैसेज प्राप्त हुआ था, जिसमें फ्लैट के बाथरूम में शव होने की सूचना दी गई थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि संबंधित महिला करीब डेढ़ महीने पहले इस फ्लैट में रहने आई थी, जबकि उसका पति पहले से इस मकान में रह रहा था। पुलिस महिला के पति और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। जोन-3 के एसीपी सुहास हेमड़े ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments