
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में मंगलवार को एक नदी में बोरे में बंद अज्ञात महिला का शव मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने सुबह सूचना दी कि नासिक-मोखदा-जव्हार रोड पर घाटकरपाड़ा स्थित वाघ नदी में एक बोरी तैर रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बोरे को बाहर निकाला, जिसमें करीब 20 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई और शव को बोरे में भरकर नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (साक्ष्य मिटाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




