
महापौर रितु तावड़े ने मुंबई डबेवाला संगठन के साथ बैठक में किया ऐलान, डबेवाला भवन का किराया माफ करने, रेलवे स्टेशनों पर साइकिल पार्किंग और चर्चगेट में टूरिस्ट पॉइंट बनाने की मांग
मुंबई। मुंबई के डबेवालों की विभिन्न मांगों को पूरा करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) हरसंभव प्रयास करेगी। इसके साथ ही पंजीकृत डबेवालों को चिकित्सा उपचार के लिए महापौर चिकित्सा सहायता निधि से ₹25 हजार की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने सोमवार, 27 जुलाई 2026 को मुंबई डबेवाला संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में यह घोषणा की। महापौर तावड़े ने कहा कि मुंबई के डबेवाले केवल एक सेवा व्यवस्था नहीं, बल्कि मुंबई की श्रम संस्कृति के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। उनकी कार्यप्रणाली दुनियाभर के प्रबंधन क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनी है। इसलिए डबेवालों की समस्याओं का समाधान करना और उनकी न्यायसंगत मांगों को आगे बढ़ाना महानगरपालिका की सामाजिक जिम्मेदारी है।
मुंबई डबेवाला संगठन (मुंबई टिफिन बॉक्स सप्लायर्स एसोसिएशन) के प्रतिनिधिमंडल ने बीएमसी मुख्यालय स्थित महापौर कार्यालय में महापौर रितु तावड़े और महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। संगठन ने बांद्रा पश्चिम स्थित रिजवी कॉलेज परिसर के डबेवाला भवन यानी मुंबई डबेवाला अंतरराष्ट्रीय अनुभव केंद्र को नि:शुल्क उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही भवन के लिए अब तक बीएमसी द्वारा वसूले गए किराए को विशेष मामले के रूप में पूरी तरह माफ करने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा डबेवाला भवन के आसपास की सड़क का नाम संगठन के संस्थापक दिवंगत महादू हावजी बच्चे के नाम पर रखने, मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पास डबेवालों के लिए अलग एवं सुरक्षित साइकिल पार्किंग उपलब्ध कराने और बीएमसी अस्पतालों में पंजीकृत डबेवालों को चिकित्सा उपचार की सुविधा देने की मांग की गई।
संगठन ने चर्चगेट रेलवे स्टेशन के सामने डब्बों के आदान-प्रदान के ऐतिहासिक स्थल को ‘मुंबई डबेवाला पर्यटक केंद्र’ (टूरिस्ट पॉइंट) के रूप में विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा। संगठन का कहना है कि इससे देश-विदेश से मुंबई आने वाले पर्यटकों को करीब 130 वर्षों पुरानी डबेवाला परंपरा को प्रत्यक्ष रूप से जानने का अवसर मिलेगा।
बैठक में महापौर रितु तावड़े ने कहा कि संगठन की सभी मांगों को महानगरपालिका की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा और उनका लगातार अनुसरण कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि पंजीकृत डबेवालों को चिकित्सा उपचार के लिए महापौर चिकित्सा सहायता निधि से ₹25 हजार की सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में विधायक श्रीकांत भारतीय ने कहा कि मुंबई के डबेवाले लगभग 130 वर्षों से अपनी सेवा, अनुशासन और विश्वसनीयता के लिए पहचाने जाते हैं। वारकरी संप्रदाय से जुड़ी इस संस्था ने मुंबई की संस्कृति में विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि मराठी समाज के गौरव से जुड़ी इस संस्था और उसकी आने वाली पीढ़ियों को अधिक सक्षम बनाने के लिए बीएमसी का सहयोग आवश्यक है। बैठक में महापौर रितु तावड़े, विधायक श्रीकांत भारतीय, महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे, सभागृह नेता गणेश खणकर, स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे, शिक्षा समिति अध्यक्ष राजेश्री शिरवडकर, बाजार एवं उद्यान समिति अध्यक्ष हेतल गाला, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा सहित बीएमसी के अधिकारी और मुंबई डबेवाला संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

