HomeMadhya Pradeshभाजपा जिला प्रभारी अभिलाष मिश्रा तीन दिवसीय प्रवास पर आएंगे, संगठनात्मक कार्यक्रमों...

भाजपा जिला प्रभारी अभिलाष मिश्रा तीन दिवसीय प्रवास पर आएंगे, संगठनात्मक कार्यक्रमों में होंगे शामिल

बालाघाट, मध्य प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी एवं नरसिंहपुर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर अभिलाष मिश्रा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026, डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम, शक्ति केंद्र एवं बूथ टोली की संरचना के क्रियान्वयन तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के संबंध में 4 से 6 जुलाई तक बालाघाट जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। भाजपा जिला मीडिया सह-प्रभारी जितेन्द्र चौधरी ने बताया कि प्रवास के पहले दिन 4 जुलाई को अभिलाष मिश्रा दोपहर 12 बजे किरनापुर तथा 3 बजे लांजी में आयोजित भाजपा शक्ति केंद्र टोली के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे लांजी से विधानसभा बैहर के अंतर्गत मलाजखंड के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा। प्रवास के दूसरे दिन 5 जुलाई को वे दोपहर 12 बजे मलाजखंड तथा 3 बजे बैहर में आयोजित शक्ति केंद्र टोली के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रमों के उपरांत वे बालाघाट पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम के दौरान कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से भेंट करेंगे। प्रवास के अंतिम दिन 6 जुलाई को जिला भाजपा कार्यालय में दोपहर 12 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात आयोजित जिला स्तरीय भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेकर संगठनात्मक कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास संबंधी विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इस अवसर पर वे जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी संवाद करेंगे। जिला मीडिया सह-प्रभारी जितेन्द्र चौधरी ने सभी भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामकिशोर नानो कावरे के नेतृत्व तथा जिला प्रभारी अभिलाष मिश्रा के मार्गदर्शन में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से संगठन के कार्यकर्ता अधिक सक्रिय, प्रशिक्षित, सक्षम एवं जनसेवा के प्रति समर्पित बनेंगे, जिससे संगठन और अधिक सशक्त होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments