
बिलासपुर, छत्तीसगढ़: वैश्विक भारतीय कला और संस्कृति का एक केंद्र तथा श्री नृत्यांजलि संस्था द्वारा उज्जैन में आयोजित “महाकालेश्वर सांस्कृतिक महोत्सव 2026” में बिलासपुर के राग मंच संगीत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रथम स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया। इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में नृत्य, गायन, वादन, रिएक्शन और विजुअल आर्ट जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थी संगीत एवं नृत्य शिक्षक साहिल सिंह ठाकुर और शंभूनाथ रजक के मार्गदर्शन में उज्जैन पहुंचे और विशेष रूप से कथक नृत्य एवं गायन में शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में नव्या शर्मा और फियोना खान ने कथक सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान, सिद्धि स्वर्णकार ने कथक जूनियर में प्रथम स्थान, डिलेना साहू ने कथक जूनियर में द्वितीय स्थान, अनुषा मरावी ने कथक ओपन में द्वितीय स्थान तथा नमिश शर्मा ने गायन जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक साहिल सिंह ठाकुर एवं शंभूनाथ रजक को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए “संदीपनी ऋषि गुरु सम्मान” से भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य साहिल सिंह ठाकुर ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेता छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि विद्यार्थी देश, समाज और अपने शहर का नाम रोशन कर सकें। इस उपलब्धि से पूरे बिलासपुर में खुशी की लहर है और यह साबित हुआ है कि छोटे शहरों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला का परचम लहरा सकते हैं।




