
मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले के धानिवरी क्षेत्र में 18 मई को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 13 नागरिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रति परिवार 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मंजूरी के बाद कुल 65 लाख रुपये की राशि पालघर जिला प्रशासन को हस्तांतरित कर दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटना के तुरंत बाद मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसके अनुसार मुख्यमंत्री सहायता निधि से सहायता वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और संबंधित प्रशासनिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। 18 मई 2026 को दोपहर लगभग चार बजे डहाणू तालुका के धानिवरी इलाके में एक टेंपो और कंटेनर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई थी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 17 लोग घायल हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया था। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पालघर जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा मृतकों के वारिसों को आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने त्वरित मंजूरी दी। जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों का सत्यापन कर सहायता राशि शीघ्र वितरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस हादसे में मृतकों में सुरेश रत्ना लाखात, पांडू गणपत लाखात, कालू गोविंद लाखात, सुनील अर्जुन दांडेकर, चीमा गोविंद कुरहाड़ा, नमिता विठ्ठल दांडेकर, सारिका संतोष लाखात, आयुष्य सिताराम लाखात, सागर नामदेव शेंडे, वसंत शिवराम वळवी, सलोनी शिवराम वळवी, अजय चंदर आहाडी और रियांशी संतोष लाखात शामिल हैं। सभी मृतक बापूगांव क्षेत्र के निवासी थे। घायलों का उपचार जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सहायता वितरण की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया है।




