
मुंबई। तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में खतरनाक रासायनिक द्रव के कथित अवैध निपटान के मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष अण्णा बनसोडे ने संबंधित औद्योगिक भूखंड की प्रत्यक्ष जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को विधान भवन में आयोजित बैठक में यह मामला सामने आया, जिसमें आरोप लगाया गया कि सडेकर इनव्हायरो इंजिनीअर्स प्रा. लि. द्वारा भूखंड क्रमांक डी/1 पर अवैध रूप से खतरनाक रासायनिक अपशिष्ट का निपटान किया जा रहा है।बताया गया कि उक्त औद्योगिक भूखंड का अनुबंध एमआईडीसी द्वारा वर्ष 2015 और 2020 में ही रद्द कर दिया गया था, इसके बावजूद कंपनी द्वारा वहां अवैध गतिविधियां जारी रखने के आरोप लगे हैं।इसके साथ ही, उच्च रासायनिक तत्वों वाला दूषित पानी सीधे नालों और समुद्र में छोड़े जाने की शिकायत भी सामने आई है, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।




