
इंद्र यादव/मुंबई। विरार के अर्नाला इलाके से अंधविश्वास की आड़ में एक महिला की मजबूरी का फायदा उठाने का गंभीर मामला सामने आया है। बेटे को तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक से ठीक करने का भरोसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में अर्नाला पुलिस ने अजय राउत नामक कथित तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अर्नाला पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश निकम के अनुसार, मामला वर्ष 2023 से 2024 के बीच का है। पीड़ित महिला का बेटा विशेष आवश्यकता वाला बच्चा है। आरोप है कि अजय राउत ने महिला की इसी चिंता और मजबूरी का फायदा उठाते हुए दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के जरिए उसके बेटे को पूरी तरह ठीक कर सकता है। महिला को अपने झांसे में लेने के बाद आरोपी ने उसे अर्नाला क्षेत्र के एक लॉज में बुलाया। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वहां आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर अर्नाला पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय राउत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को वसई की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक अथवा लोगों की समस्याएं दूर करने के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति या महिला को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं। यह मामला एक बार फिर अंधविश्वास की आड़ में सक्रिय ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत को सामने लाता है, जो बीमारी या पारिवारिक परेशानी से जूझ रहे लोगों की मजबूरी और विश्वास का फायदा उठाते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

