
मुंबई। समुद्र में मछली पकड़ने के दौरान मछुआरों की सुरक्षा बढ़ाने और आपात स्थिति में उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महाराष्ट्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई स्थित मंत्रालय में ‘मुख्यमंत्री मत्स्यसंपदा योजना’ के तहत मछुआरों को प्रतीकात्मक रूप से सैटेलाइट फोन वितरित किए। सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य समुद्र में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान मछुआरों को तत्काल संपर्क की सुविधा देना है। इसके माध्यम से उन्हें मौसम और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं भी समय पर प्राप्त हो सकेंगी।
मोबाइल नेटवर्क से बाहर भी बना रहेगा संपर्क
समुद्र में काफी दूर जाने के बाद कई क्षेत्रों में सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं रहता। ऐसी स्थिति में सैटेलाइट फोन मछुआरों के लिए महत्वपूर्ण संचार माध्यम बनेगा। इसके जरिए मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध न होने वाले समुद्री क्षेत्रों से भी संपर्क स्थापित किया जा सकेगा। खराब मौसम, नाव या मशीन में तकनीकी खराबी, मेडिकल इमरजेंसी अथवा किसी अन्य संकट की स्थिति में मछुआरे सैटेलाइट फोन के जरिए सहायता मांग सकेंगे। इससे आपात परिस्थितियों में बचाव और सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकेगी।
BSNL ने दी GSPS की जानकारी
इस अवसर पर बीएसएनएल के अधिकारियों ने ग्लोबल सैटेलाइट फोन सर्विस (GSPS) का प्रस्तुतीकरण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से समुद्र के दूरदराज क्षेत्रों में भी संचार संपर्क किस प्रकार बनाए रखा जा सकता है। राज्य सरकार ने मछुआरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री नितेश राणे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





