
आरटीआई के जवाब का हवाला: बिना दस्तावेज 19,753 और गोवंडी-देवनार में 3,132 प्रमाणपत्र जारी होने का आरोप, एसआईटी कर रही जांच
मुंबई। भाजपा नेता डॉ. किरीट सोमैया ने मुंबई महानगरपालिका में जन्म प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी शिकायत के बाद महानगरपालिका ने जांच कर लिखित रूप से स्वीकार किया है कि पिछले दो वर्षों में पुरानी एसएपी (SAP) प्रणाली के माध्यम से 86,020 जन्म प्रमाणपत्र कथित रूप से अनियमित तरीके से जारी किए गए। डॉ. सोमैया ने कहा कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जवाब में महानगरपालिका ने स्वीकार किया है कि 19,753 जन्म प्रमाणपत्र संशोधन के नाम पर बिना किसी दस्तावेज के जारी किए गए। उनके अनुसार, गोवंडी और देवनार क्षेत्र वाले एम/पूर्व वार्ड में 14,194 जन्म प्रमाणपत्र संशोधन के नाम पर जारी किए गए, जिनमें से 3,132 प्रमाणपत्र बिना किसी दस्तावेज के जारी होने की बात भी सामने आई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महानगरपालिका ने स्वीकार किया है कि संशोधन के नाम पर जारी किए गए 6,109 जन्म प्रमाणपत्र दोबारा (डुप्लिकेट) जारी किए गए। डॉ. सोमैया ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।



