HomeCrimeठाणे में स्पा की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का...

ठाणे में स्पा की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस की छापेमारी में मैनेजर गिरफ्तार

ठाणे/इंद्र यादव। ठाणे पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में एक स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से संचालित किए जा रहे अनैतिक गतिविधियों के रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की छापेमारी में तीन महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया, जबकि स्पा के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की मुख्य आरोपी बताई जा रही स्पा संचालिका फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बीनु वर्गीज द्वारा दी गई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद ज़ोन-1 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) बालासाहेब पाटिल के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय महाजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस निरीक्षक संजय दवणे, सहायक पुलिस निरीक्षक मंगेश भांगे, पुलिस उपनिरीक्षक सोनाली काटकर तथा डिटेक्शन टीम के अन्य अधिकारी शामिल थे।प्राथमिक जांच के लिए पुलिस ने एक डिकॉय (नकली) ग्राहक को स्पा सेंटर भेजा। आरोप है कि स्पा प्रबंधन ने मसाज सेवा के साथ यौन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 5,000 रुपये की मांग की। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर कार्रवाई की।छापे के दौरान तीन महिलाओं को वहां से सुरक्षित निकाला गया तथा 45 वर्षीय स्पा मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, स्पा की संचालिका मनीषा कदम मौके से फरार हो गई, जिसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।पुलिस ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।यह कार्रवाई एक बार फिर इस ओर ध्यान आकर्षित करती है कि कुछ स्थानों पर स्पा और वेलनेस सेंटर की आड़ में कथित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं। हालांकि, ऐसे मामलों में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आता है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments