
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के झांसी में चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखण्डानन्द सिंह और जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने तहसील सदर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख संधारण और निगरानी प्रणाली का गहन परीक्षण किया। उन्होंने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास रजिस्टर, ईवीएम लॉगबुक सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए आयोग द्वारा निर्धारित सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम की भी समीक्षा की। उन्होंने 24 घंटे निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, कैमरों की नियमित जांच करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने भी दोहराया कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।




