
मुंबई। बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ के नाम का इस्तेमाल कर एक फर्जी इंटरनेशनल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म FXOnet के जरिए धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वर्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि ठगों ने नेहा कक्कड़ की नकली तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल कर FXOnet को “भरोसेमंद और कानूनी निवेश प्लेटफॉर्म” बताकर वर्ली की एक महिला वकील से 5.02 लाख रुपए की ठगी की। शिकायतकर्ता एडवोकेट शबनम मोहम्मद हुसैन सैयद, जो बीडीडी चॉल, वर्ली की रहने वाली हैं, ने बताया कि जून 2025 में उन्हें सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे आर्टिकल और वीडियो मिले, जिनमें नेहा कक्कड़ को इस प्लेटफॉर्म का चेहरा बताया गया था। इन प्रचार सामग्रियों में यह दावा किया गया था कि FXOnet एक सुरक्षित इंटरनेशनल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है, जिससे लोगों को भारी मुनाफा हो सकता है। इन विज्ञापनों से प्रभावित होकर सैयद ने प्लेटफॉर्म से संपर्क किया, जहां ठगों ने खुद को ‘विजय’ और ‘जिमी डिसूजा’ बताया। उन्होंने टेलीग्राम, ज़ूम और अंतरराष्ट्रीय फोन नंबर के जरिए बातचीत की। ठगों ने खुद को “प्रोफेशनल ट्रेडिंग एडवाइज़र” बताते हुए सैयद के नाम से एक ट्रेडिंग अकाउंट खोला और टेलीग्राम पर निवेश से जुड़ी ‘टिप्स’ भेजते रहे। उन्होंने आधिकारिक दिखने वाली ईमेल आईडी और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर विश्वास जमाया। 18 जून से 9 अक्टूबर 2025 के बीच सैयद ने अपने एचडीएफ़सी बैंक अकाउंट से यूपीआई के माध्यम से ₹5,02,025 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए- जिनमें राजेश कन्नन (PONNURAKU@SUPERYES), VPI ProMedia Kigali, India Impex Trading Company और VPI 361 VPECOM के खाते शामिल थे। लेकिन जब न तो कोई मुनाफा मिला और न ही रकम वापस हुई, तब उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हुई हैं। इसके बाद उन्होंने वर्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांचकर्ता अब डिजिटल साक्ष्यों- टेलीग्राम चैट, ज़ूम मीटिंग लॉग, बैंक और यूपीआई ट्रांजैक्शन डिटेल की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनमें सेलिब्रिटीज़ के नाम और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर आम लोगों को गुमराह किया जाता है। साइबर क्राइम शाखा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।




