
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को बबीना विधानसभा की विशाल एकता यात्रा राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय, चिरगांव में भव्य रूप से आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देशभर में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मजबूत माहौल बना हुआ है। महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और बिहार में मिली सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को और मजबूत करेगी और भारत को शक्तिशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। चिरगांव के राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय के विशाल मैदान में आयोजित जनसभा में मौर्य ने बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा की प्रशंसा की और भारी जनसमूह को देखकर उनका मनोबल बढ़ाया। विधायक पारीछा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि अखंड भारत की नींव पटेल ने रखी थी और हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। सभा से पहले वीर रस के सुप्रसिद्ध कवि राम भदावर ने अपनी ऊर्जावान कविताओं से वातावरण को भक्ति और उत्साह से भर दिया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर से भव्य एकता यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। यात्रा मंडी, रामनगर चौराहा, थाना, पहाड़ी चुंगी, पहाड़ी तिराहा, मिश्रा ढाबा होते हुए महेवा तिराहे तक पहुंची। रास्ते में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई, देशभक्ति गीतों और विविध झांकियों ने यात्रा को और आकर्षक बनाया। यात्रा के माध्यम से सभी ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मेयर बिहारी लाल आर्य, एमएलसी रमा निरंजन, रामतीर्थ सिंघल, डॉ. बाबूलाल तिवारी, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हरगोविंद कुशवाहा, जमुना प्रसाद कुशवाहा, विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्य, विधायक गरौठा जवाहरलाल राजपूत, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप पटेल, जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार, चिरगांव नगर पालिका अध्यक्ष कुंवर राघवेंद्र सिंह, यात्रा प्रभारी मुकेश मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख चंद्रकांतेश वर्मा, डॉ. वैभव गुप्ता, संजीव श्रृंगीऋषि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




