
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिला प्रशासन द्वारा गंगा नदी की संभावित बाढ़ से निपटने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। आज़ तहसील और पुलिस तथा एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के नानामऊ गंगा तट पर माकड्रिल किया। गुरूवार को बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने नानामऊ गंगा तट पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने मेगा मॉकड्रिल में आम जनता के राहत और बचाव का प्रदर्शन किया। टीमों ने मोटरबोट के जरिए लोगों को सुरक्षित निकालने और उन्हें एंबुलेंस तक तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने का काम किया। साथ ही तहसील प्रशासन के सहयोग से राहत शिविर संचालन प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। उपजिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला ने बताया कि मानसून से पहले आयोजित इस मॉकड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित कार्रवाई और जनहानि को न्यूनतम करना है। माकड्रिल के समय तहसीलदार साक्षी राय और खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित तमाम राजस्वकर्मी मौजूद रहे। माकड्रिल देखने के लिए गंगा तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।



