
भूपेंद्र सिंह/ उन्नाव, उत्तर प्रदेश। चौबेपुर क्षेत्र के शेरपुर बैरा स्थित पवन तनय शिक्षा निकेतन में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘सपनों की उड़ान’ इस वर्ष सम्मान समारोह के रूप में भी यादगार बन गया। रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच विद्यालय परिवार ने विशिष्ट अतिथियों को ‘पवन तनय सम्मान’ से सम्मानित कर कार्यक्रम की गरिमा को और ऊंचाई दी। कार्यक्रम में उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र अपूर्व एवं सब इंस्पेक्टर रीना पांडेय को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और सामाजिक, प्रेरणादायक सेवाओं के लिए ‘पवन तनय सम्मान’ प्रदान किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों अतिथियों का सम्मान किया, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ‘शिव तांडव’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं ‘देश मेरा’, ‘पापा मेरे’ और ‘सूरज के मुंह पर मलाई’ जैसे गीतों पर नन्हे बच्चों के नृत्य ने सभी का दिल जीत लिया। एक्ट मीडिया के माध्यम से बच्चों ने मीडिया की भूमिका पर भी जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य ने भी विद्यालय परिवार को शुभकामना संदेश भेजते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक मनीष कुमार श्रीवास्तव और शैलेश श्रीवास्तव ने अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में रिटायर्ड आईपीएस रतन श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला, धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता भी विकसित करते हैं। विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफल, प्रेरणादायक और यादगार बन गया।




