
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के साथ आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. दिग्विजय नारायण ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. दिग्विजय नारायण ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल जीवन में एक हजार से अधिक गोल किए। जब वे मैदान पर उतरते थे तो ऐसा प्रतीत होता था मानो गेंद उनकी हॉकी स्टिक से चिपक गई हो। हॉकी के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। मेजर ध्यानचंद का जीवन और खेल के प्रति उनका समर्पण आज भी देश के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। खेल गतिविधियों के अंतर्गत महाविद्यालय में पारंपरिक खेल रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों में किया गया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी ताकत और टीम भावना का प्रदर्शन किया। इसी क्रम में छात्र एवं छात्रा वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में विजेता रही टीमों और खिलाड़ियों को प्राचार्य डॉ. दिग्विजय नारायण ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. सविता राजन, डॉ. किरण, डॉ. हरिओम दिवाकर, डॉ. अभय राजपूत, डॉ. शैलजा त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी खेल प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम डॉ. अभिषेक कुमार और डॉ. धर्मेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुए।

