
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहर के होटल शिवा इन में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देर रात तक चली काव्य की महफिल में हास्य, व्यंग्य, गीत और शृंगार की रचनाओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ कानपुर सिद्धनाथ धाम के पीठाधीश्वर संत बाल योगी अरुण चैतन्य पुरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा तथा जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य व पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज अरुण सिंह ने संयुक्त रूप से किया।मुख्य अतिथि बाल योगी अरुण चैतन्य पुरी महाराज ने कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक प्रयासों के माध्यम से समाज के उन लोगों तक पहुंचा जा सकता है, जिन्हें वास्तव में सहयोग की आवश्यकता है।कवि सम्मेलन का शुभारंभ कवयित्री हेमा कीर्ति पांडे की वाणी वंदना से हुआ। इसके बाद हास्य कवि हेमंत पांडे ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। जसवंतनगर, इटावा से आए धीरज सिंह चंदन ने शृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत कर माहौल को काव्यमय बना दिया। लखनऊ से आईं कवयित्री हेमा कीर्ति पांडे ने प्रेम और विरह से जुड़ी रचनाओं से श्रोताओं की वाहवाही बटोरी। कानपुर के हास्य-व्यंग्यकार दुर्गा बाजपेयी ने पति-पत्नी और सामाजिक व्यवस्था पर अपने चुटीले व्यंग्य से लोगों को खूब हंसाया। उन्नाव के कवि एवं गीतकार गौसेवक अखिलेश अवस्थी ने भी काव्य पाठ किया। उन्होंने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं द्वारा इस तरह के साहित्यिक आयोजन उन्नाव की साहित्यिक धरा के माध्यम से समाज को एक सूत्र में जोड़ने का काम करते हैं। कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने किया। कार्यक्रम संयोजक एवं फाउंडेशन के अध्यक्ष चेतन मिश्रा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था की चार वर्षों की सामाजिक यात्रा और इस दौरान किए गए कार्यों की जानकारी दी। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से संस्था के चार वर्षों के प्रमुख कार्यों और कार्यक्रमों की झलक भी प्रस्तुत की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों और कवियों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू, समाजसेविका निम्मी अरोड़ा, अधिवक्ता विनय शंकर दीक्षित आशु, रेडक्रॉस सोसाइटी के उपसभापति संजय सिंह फौजी, संजय शुक्ला, अजय शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता आशु चौहान, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. अविनाश चौहान, डॉ. मोहम्मद मूसा, वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र शुक्ला, संजय त्रिपाठी, विजय त्रिपाठी, प्रदीप सिंह, पवन सिंह, डॉ. सुधीर शुक्ला, जितेंद्र दीक्षित, प्राचीन्द्र मिश्रा और पूर्व सभासद राहुल कश्यप सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

