Homeउत्तर प्रदेशउन्नाव में अनोखा रक्षाबंधन: बच्चों ने पेड़ों को बांधी राखी, 11 पौधे...

उन्नाव में अनोखा रक्षाबंधन: बच्चों ने पेड़ों को बांधी राखी, 11 पौधे लगाकर लिया संरक्षण का संकल्प

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए उन्नाव में एक अनूठी पहल देखने को मिली। पर्यावरण प्रेमी एवं उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र (ट्री मैन) की पहल पर बीघापुर क्षेत्र के ओसियां स्थित प्राथमिक विद्यालय बंधवा में वृक्ष रक्षाबंधन एवं पर्यावरण रक्षा उत्सव का आयोजन किया गया। सहायक अध्यापिका गरिमा गुप्ता के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में लगे पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान छात्राओं ने ट्री मैन अनूप मिश्र को भी राखी बांधकर सम्मान व्यक्त किया। अनूप मिश्र ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी रक्षा करना केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी भी है। उन्होंने बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
11 पौधे लगाए, बरगद संरक्षण अभियान को मिला बढ़ावा

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ट्री मैन अनूप मिश्र के साथ विद्यालय परिसर में बरगद सहित 11 पौधे लगाए। साथ ही बरगद संरक्षण अभियान के तहत पौधों की पूजा-अर्चना कर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आरती वर्मा, सहायक अध्यापिकाएं गरिमा गुप्ता और सुनीता सिंह, शिक्षा मित्र संतोष कुमार, रसोइया सावित्री सिंह और रानी सिंह सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण अभियान में भाग लिया।
ग्रीन स्कूल ऑफ उन्नाव सम्मान से नवाजा गया विद्यालय
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों के चलते प्राथमिक विद्यालय बंधवा को ‘ग्रीन स्कूल ऑफ उन्नाव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। विद्यालय में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और बच्चों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने के प्रयासों की सराहना की गई।
शिक्षकों और रसोइयों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूप मिश्र ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आरती वर्मा, सहायक अध्यापिका गरिमा गुप्ता, शिक्षिका सुनीता सिंह तथा शिक्षा मित्र संतोष कुमार को पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘पर्यावरण प्रहरी वृक्ष मित्र सम्मान’ प्रदान किया। वहीं विद्यालय में बच्चों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार करने वाली रसोइया रानी और सावित्री को उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए ‘माता अन्नपूर्णा सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर दोनों रसोइयों ने खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम में सहायक अध्यापिका गरिमा गुप्ता के मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा तैयार किए गए हरित शुभकामना पत्रों और पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों की भी अनूप मिश्र ने सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि नई पीढ़ी बचपन से ही प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेगी तो आने वाला भविष्य अधिक सुरक्षित और हराभरा होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments