HomeArchitectureBreakingमां बनी बेटे की कातिल: पति से विवाद के चलते 5 वर्षीय...

मां बनी बेटे की कातिल: पति से विवाद के चलते 5 वर्षीय मासूम को कुएं में फेंका, दो महीने बाद हुआ सनसनीखेज खुलासा

दुमका। झारखंड के दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र में दो महीने पहले पांच वर्षीय बालक का कुएं में मिला शव हत्या का मामला निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि मासूम की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी मां ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 20 जून को गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धबोरना (धोबरना) गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में पांच वर्षीय अमन किस्कू का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमन अपनी मां डोली टुडू (24) के साथ ननिहाल में रहता था। उसके पिता निकोलस किस्कू, जो पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के भिंडीवन गांव के निवासी हैं, मजदूरी के कारण अक्सर घर से बाहर रहते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। निकोलस जब भी गांव आता, कुछ समय के लिए बेटे अमन को अपने साथ ले जाता और बाद में वापस छोड़ जाता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। कई बार ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि पूछताछ के दौरान डोली टुडू ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पति से लगातार विवाद और मानसिक तनाव के चलते उसने 19 जून की रात अपने पांच वर्षीय बेटे को कुएं में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments