
मुंबई। सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘यादें’ अपने हल्के-फुल्के हास्य और दिलचस्प मेडिकल मामलों के जरिए दर्शकों का लगातार मनोरंजन कर रहा है। शो की कहानी के साथ-साथ इसकी स्टारकास्ट को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। हाल ही में कलाकारों ने अपने प्रशंसकों से जुड़ी कुछ यादगार मुलाकातों को साझा किया, जिन्हें वे आज भी नहीं भूल पाए हैं। गुल्की जोशी ने बताया कि उन्हें चॉकलेट बेहद पसंद है और उनके प्रशंसकों को भी यह बात अच्छी तरह पता है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “एक समय ऐसा आ गया था जब फैंस मुझे लगभग हर दिन चॉकलेट भेजने लगे थे। आखिरकार मुझे उनसे कहना पड़ा कि अब बस कीजिए। यह उनके प्यार और अपनापन दिखाने का बेहद खूबसूरत तरीका था, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी। वहीं इक़बाल खान ने बताया कि वर्षों के दौरान उन्हें प्रशंसकों से कई भावुक पत्र मिले। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए कहा कि एक बार वह ग्रे शेड वाला किरदार निभा रहे थे। उस दौरान कुछ महिला प्रशंसकों ने उनकी पत्नी (जो उस समय उनकी गर्लफ्रेंड थीं) को उनके ऑन-स्क्रीन किरदार को लेकर सचमुच सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए मजेदार होने के साथ-साथ इस बात का प्रमाण भी था कि दर्शक किरदारों से कितनी गहराई से जुड़ जाते हैं। छवि पांडे ने भी फैंस के साथ अपनी एक खास मुलाकात को याद करते हुए कहा कि किसी प्रशंसक के चेहरे पर अपने प्रति सच्ची खुशी और अपनापन देखना किसी भी कलाकार के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार होता है। उन्होंने बताया कि एक प्रशंसक ने उनसे बेहद आत्मीयता से बातचीत की और कहा कि उनके काम ने उसे गहराई से प्रभावित किया। यह छोटी-सी मुलाकात आज भी उनके दिल के बेहद करीब है। कलाकारों का मानना है कि दर्शकों का प्यार और समर्थन ही उन्हें बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है। उनके अनुसार, जब कोई प्रशंसक वर्षों बाद भी किसी किरदार को याद रखता है या उससे जुड़ाव महसूस करता है, तो वही किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।

