
भुवनेश्वर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में ओडिशा के कारोबारी रतिकांत राउत को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, राउत को गुरुवार को भुवनेश्वर स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के दौरान हिरासत में लिया गया। रतिकांत राउत भुवनेश्वर के कलाराहंगा क्षेत्र के निवासी हैं और ढेंकनाल जिले में पत्थर खदान एवं क्रशर का कारोबार संचालित करते हैं। ईडी ने उनके खिलाफ वर्ष 2020 में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया था और उसी मामले की जांच के तहत यह कार्रवाई की गई है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब इसी प्रकरण से जुड़े कथित रिश्वतकांड में ईडी के एक पूर्व अधिकारी का नाम भी सामने आया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ओडिशा में ईडी के तत्कालीन उपनिदेशक चिंतन रघुवंशी को कारोबारी से कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोप है कि रघुवंशी ने मामले में राहत देने के बदले कुल दो करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी। कथित रिश्वत की पहली किस्त मिलने के बाद सीबीआई ने पिछले वर्ष मई में रघुवंशी और एक बिचौलिए को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। अब ईडी रतिकांत राउत से पूछताछ कर वित्तीय लेन-देन, कथित अनियमितताओं और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।

