
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल (MSBSHSE) ने फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होने वाली माध्यमिक विद्यालय प्रमाणपत्र (एसएससी/कक्षा 10) परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंडल ने नियमित विद्यार्थियों, पुनर्परीक्षार्थियों, पंजीकरण प्रमाणपत्र प्राप्त निजी विद्यार्थियों, श्रेणी सुधार योजना तथा आईटीआई की ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट योजना के विद्यार्थियों से 31 अक्टूबर 2026 तक अपने-अपने विद्यालयों के माध्यम से आवेदन जमा करने की अपील की है।मंडल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नियमित शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन 1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे, जबकि अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। विद्यालयों को विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क एकत्र कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मंडल के पास जमा करना होगा। शुल्क रसीदें और विद्यार्थियों की सूची संबंधित विभागीय मंडलों को 7 दिसंबर 2026 तक भेजनी होगी।मंडल ने सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि आवेदन भरने से पहले विद्यार्थियों की सभी जानकारी पूरी तरह जांच लें। नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने के बाद विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के हस्ताक्षर लिए जाएं। साथ ही फोटो अपलोड करते समय मंडल द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करना भी अनिवार्य होगा।राज्य मंडल के सचिव डॉ. दीपक माली ने कहा है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए सभी विद्यालय, विद्यार्थी और अभिभावक समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

